Search This Blog

Wednesday, August 18, 2010

भगवान सिंह हंस होने का अर्थ

  चिंतन
                       भगवान सिंह हंस होने का अर्थ

बहुत दिनों से सोच रहा था कि मैं भगवान सिंह हंस होने का अर्थ क्या है इस पर कभी कुछ लिखूं। लेकिन मन के रथ पर बैठा मेरे अस्तित्व का अर्जुन तमाम शंकाओं और जिज्ञासाओं के भार से दबा अनमना-सा अक्सर इस काम को आज के हाथ से लेकर कल के हाथों में सौंप देता था। और बात आई-गई हो जाती थी। मगर आज मन के रथ के सारथी स्वयं कृष्ण बन गए। और उन्होंने मेरे अभिव्यक्ति के रथ को धर्मक्षेत्र में उतार ही दिया। हमेशा होता भी यही है कि हर मनुष्यरूपी अर्जुन की देह में सांसों का रथ होता है। हर व्यक्ति स्वयं एक अर्जुन है। रथ उसका है। इसलिए उसका स्वामी भी उसे ही होना चाहिए मगर ऐसा हो नहीं पाता। रथ का स्वामी रथ में लगे इच्छाओं के घोड़ों का अनजाने ही दास हो जाता है। ऱथ हमारा होता है मगर चलता है वह घोड़ों की इच्छा से। रथ का स्वामी घोड़ों का दास हो जाता है। संशयग्रस्त अर्जुन को तभी अपने स्वामी होने का ज्ञान होता है जब रथ में लगे इच्छाओं के घोड़ों की लगाम को काबू में करने के लिए चेतना के कृष्ण स्वयं सारथी बन जाते हैं। तब अर्जुन गांडीव उठाते हैं। आज मेरी सांसों के रथ पर चेतना के कृष्ण विराजित हैं। संभव है मुझ पर आज गीता का ज्ञान उतरे। दिव्यता की भगवत्ता मैं आज मैं जागूं और भगवान की विराटता के किसी एक अंश का अर्थ कुछ-कुछ समझ सकूं। हर धर्म में प्रकाश को ही ईश्वर माना है और हर धर्म मनुष्य को अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलने का आमंत्रण देता है। हर धर्म दिव्य प्रकाश से प्रकाशित होने का ही अनुष्ठान है। बाइबिल में प्रार्थना है- लैट देअर बी लाइट एंड देअर वास लाइट..। वेदो में ऋषियों की गुहार है- सनः ज्योति..। त्रिपटक में बुद्ध मनुष्य को आलोकित दीपक होने का आशीर्वाद अप्प दीपो भव की मुद्रा में देते हैं। तमसो मा ज्योतिर्गमय हमारी संस्कृति का मूल मंत्र है। सूर्य की उपासना प्रकाश का ही वंदन-अभिनंदन है। सूर्य सारे संसार की आत्मा है क्योंकि सूर्य प्रकाश पुंज है और पृथ्वी सूरज का ही एक टुकड़ा। सूरज सारी दुनिया को प्रकाश देता है मगर इस सूरज को प्रकाश कौन देता है। सूरज जिस प्रकाश से आलोकित होता है वह ही भर्ग कहलाता है। यह भर्ग ही भग है। और इस भर्ग को, इस भग को घारण करनेवाला ही भगवान है। भगवान यानी प्रकाशवान। तो यह तो हुई भगवान की एक व्याख्या। .. अब सिंह की बात भी कर लें। सूर्य समस्त संसार का भगवान है। और यह सूर्य ही समग्र संसार की आत्मा है। ज्योतिष में यह सूर्य ही सिंह राशि का स्वामी है। यानी की सूर्य भगवान जहां निवास करते हैं वह सिंह राशि है। चूंकि सूर्य स्वयं ब्रह्मांड के राजा हैं और सिंह राशि में निवास करते हैं इसलिए सिंह को भी जंगल का राजा माना जाता है। तो जो भगवान है और राजा भी वह सिंह है। यानी कि भगवान सिंह। हरिण्यकश्यपु के वध के लिए भगवान सिंह का ही अवतार लेते हैं। नरसिंहावतार..।

अब बात की जाए हंस की। तो हमारे यहां तीन लोक गोचर में दृष्टिगत होते हैं-जल,थल और नभ। संसार में केवल हंस ही एक मात्र पक्षी है जो जमीन पर चल सकता है,पानी में तैर सकता है और आकाश में उड़ सकता है। यानी कि तीनों लोक में गमन की सामर्थ्य रखता है-हंस। विष्णु जो तीनो लोक के पालनहार हैं उन्हें हंस ही अपनी पीठ पर बैठाकर त्रिलोक की यात्रा कराता है। सरस्वती जो ज्ञान की देवी हैं उनका वाहन भी हंस ही है। हंसवाहिनी..वीणावादनी। नीर और क्षीर को अलग कर देने का विवेक हंस के ही पास है। इसलिए ज्ञान की देवी ने इसे अपना वाहन बनाया। खान-पान में इतना संयमी कि या तो हंसा मोती चुगे या लंघन कर मर जाए। बीच का कोई समझौता नहीं। तो जो स्वयं सरस्वती को तीनों लोक ले जाए उसके ज्ञान की क्या सीमा। वह तो अनंत है। जो नीर-क्षीर विवेकी है। जो आहार और विचार में संयमी है वही हंस है। इसीलिए तो हमारे यहां अत्यंत सिद्ध व्यक्ति को परमहंस कहा जाता है। विवेकानंद के गुरु-रामकृष्ण परम हंस कहे जाते थे। सांसारिक व्यवहार में सज्जन व्यक्ति को राज हंस कह कर ही संबोधित किया जाता है, आमंत्रित किया जाता है-

भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण प्रियवर तुम्हें बुलाने को


हे मानस के राजहंस तुम भूल न जाना आने को।

प्राणी के शरीर में जो आत्मा का परिंदा बैठा है वह हंस ही है। हंस ही प्राण है। इस प्राण के कारण ही जीव प्राणी कहलाता है। प्राणों का ये हंस अपनी इच्छा से शरीर के पिंजरे में विश्राम करता है। तोड़ शरीर की नश्वर काया ये हंसा इक दिन उड़ जाएगा। वह कितने दिन रुकेगा इसका फैसला वह खुद करता है। यह आत्मा ही हंस है। यह आत्मा ही सूर्य है। यह सूर्य ही है जो सिंह राशि में निवास करता है। और सूर्य स्वयं भगवान है। तो इस तरह भगवान,सिंह और हंस तीनों एक ही दिव्य शक्ति के तीन भिन्न रूप हैं। तीन होकर भी यह एक ही हैं। ईश्वर की यही तो लीला है। वह एक भी है और अनेक भी। एकोरूप बहुस्याम..। मैं खुशनसीब हूं कि मुझे भगवान का सान्निध्य मिला। सिंह और हंस के संबोधन में। वैसे मेरी राशि भी सिंह हैं। भगवान सूर्य की विश्राम स्थली। शायद यह मणि-कांचन संयोग इसलिए ही मुझमें उतरा हो। मैं प्रभु का आभारी हूं..कि वो किस-किस तरह से मेरे साथ है।

बाकी बातें फिर कभी...

मेरे प्रणाम...

पंडित सुरेश नीरव

No comments: